बोड़ाम में अखिल भारतीय किसान सभा ने मनाया 90वां स्थापना दिवस, झंडोत्तोलन व नारों के साथ गूंजा माहौल
Patamda: अखिल भारतीय किसान सभा (माकपा) का 90वां स्थापना दिवस शनिवार को बोड़ाम प्रखंड के कांकीडीह में उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर किसान सभा की बोड़ाम लोकल कमेटी द्वारा झंडोत्तोलन किया गया तथा किसानों ने एकजुट होकर नारों के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम के दौरान बोड़ाम किसान सभा के अध्यक्ष कामरेड गुरुपद महतो ने कहा कि वर्ष 1936 में अंग्रेजी शासन के खिलाफ किसानों के हक और अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने के उद्देश्य से स्वामी सहजानंद सरस्वती ने अखिल भारतीय किसान सभा की स्थापना की थी। उन्होंने बताया कि उस समय यह आंदोलन इतना प्रभावशाली था कि पंडित जवाहरलाल नेहरू इसके प्रथम अध्यक्ष बने, लेकिन आंदोलन की असली कमान किसानों के हाथों में ही रही। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि किसानों के संघर्ष, एकता और अधिकारों की याद दिलाने का दिन है, जिसे हर वर्ष पूरे देश में मनाया जाता है। मौके पर गुरुपद महतो, माणिक महतो, फूल चांद सिंह, सुभाष सहिस, निरंजन रूहिदास, गोवर्धन सिंह, बंकिम महतो व ऋषिकेश महतो समेत बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।






























