बांदोवान के आंकरो फुटबॉल मैदान में हेमंत सोरेन की बड़ी सभा कल
Patamda: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में झारखंड के मुख्यमंत्री सह झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन शनिवार को बांदोवान विधानसभा क्षेत्र के आंकरो फुटबॉल मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। वे तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी राजीव लोचन सोरेन के समर्थन में जनता से वोट की अपील करेंगे। शुक्रवार देर शाम तक सभा को लेकर तैयारियां जोरों पर रहीं। पार्टी की ओर से विशाल टेंट और अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। बांदोवान क्षेत्र, जो जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र से सटा हुआ है, वहां पहले चरण में 23 अप्रैल को मतदान होना है, जबकि 21 अप्रैल को चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है। 18 अप्रैल को जंगलमहल इलाके में होने वाला यह कार्यक्रम खास तौर पर संथाल आदिवासी मतदाताओं को साधने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
सभा की तैयारियों का जायजा लेने पटमदा के विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू शुक्रवार को स्थल पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रत्याशी राजीव लोचन सोरेन के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। मौके पर झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, पटमदा प्रखंड अध्यक्ष अश्विनी महतो, तृणमूल कांग्रेस के नेता जगदीश महतो समेत दोनों दलों के कई कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।






























