बोड़ाम में सड़क दुर्घटना: एक युवक गंभीर, एमजीएम में इलाज को लेकर हंगामा, लापरवाही का आरोप
Jamshedpur : बोड़ाम थाना क्षेत्र के हलूदबनी ओपी के पास शुक्रवार शाम करीब 5 बजे एक स्कूटी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें सवार दो युवक घायल हो गए। घायलों में सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के नेहरू कॉलोनी निवासी शिवम कुमार (25 वर्ष) के सिर में गंभीर चोट आई है। उन्हें बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया। वहीं उनके साथी विकास कुमार (20 वर्ष) को मामूली चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे दोस्तों ने दोनों घायलों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। हालांकि, इस दौरान इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कुछ युवकों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया और घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की बात कही। स्थिति बिगड़ते देख अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। इसके बाद परिजनों और साथियों ने भर्ती का पेपर बनाने के बावजूद बिना रेफर कराए ही एंबुलेंस के जरिए दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए टीएमएच ले गया। इस घटना ने एक बार फिर एमजीएम अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। परिजनों का आरोप है कि उस समय वरिष्ठ डॉक्टर मौजूद नहीं थे और पीजी डॉक्टरों द्वारा इलाज किया जा रहा था, बावजूद इसके संतोषजनक उपचार नहीं मिला। घायल विकास कुमार ने बताया कि दुर्घटना के समय शिवम स्कूटी चला रहे थे और टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर सफर के दौरान दलमा क्षेत्र के दृश्य का वीडियो बना रहे थे, तभी अचानक स्कूटी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दूसरी ओर अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि चिकित्सा में कोई लापरवाही नहीं बरती गई बल्कि डॉक्टर ने खुद केनुला लगाकर स्लाइन चलाया। ड्यूटी में एक वरिष्ठ चिकित्सक भी मौजूद थीं जो दूसरे मरीजों को देख रही थी।






























