बोड़ाम प्रखंड में ‘कॉमन ग्राउंड इनिशिएटिव’ के तहत एमएपी मंच की बैठक आयोजित
Patamda: सोमवार को बोड़ाम प्रखंड सभागार में ‘कॉमन ग्राउंड इनिशिएटिव प्रोग्राम’ के अंतर्गत टीएसआरडी के तत्वावधान में प्रखंड स्तरीय विविध हितधारक मंच(एमएपी) एवं लिविंग लैंडस्केप पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नंदलाल बॉक्सी ने की। कार्यक्रम की शुरुआत में कार्यक्रम प्रबंधक निदेशक नंदलाल बॉक्सी ने उपस्थित सभी सदस्यों का स्वागत किया और बैठक के उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान विवेक ने पिछले एक वर्ष के अनुभवों, उपलब्धियों और चुनौतियों पर चर्चा करते हुए इसे एक अध्ययन के रूप में साझा करने की बात कही।
बीडीओ किकू महतो ने ‘लैंडस्केप’ के अर्थ को स्पष्ट करते हुए बोड़ाम क्षेत्र की भौगोलिक विशेषताओं जैसे पहाड़, जंगल, नदी और तालाब की जानकारी दी। उन्होंने चिंता जताई कि इन प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करने के बजाय उनका नुकसान हो रहा है। इसके कारणों की पहचान, मैपिंग और जमीनी स्तर पर ठोस क्रियान्वयन की आवश्यकता पर जोर देते हुए उन्होंने जनभागीदारी बढ़ाने की बात कही। वहीं ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष हिमांशु महतो ने कोर कमेटी की सक्रियता बढ़ाने, नियमित बैठकों के आयोजन और गांव स्तर तक पहुंच मजबूत करने की जिम्मेदारी लेने की बात कही। उन्होंने पंचायत स्तर पर भी सक्रियता बढ़ाने, ग्राम सभा के माध्यम से लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा सामूहिक निर्णय लेने पर बल दिया। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, सामुदायिक सहभागिता और स्थानीय स्तर पर समन्वित प्रयासों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।






























