140 एसबीआई गार्डों की बहाली की मांग को लेकर उपायुक्त से मिले झामुमो नेता
Jamshedpur: भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के एटीएम में पिछले लगभग 20 वर्षों से कार्यरत 140 सुरक्षा गार्डों को हाल ही में नई एजेंसी डब्ल्यूडब्ल्यूएसओ इंटरप्राइजेज लिमिटेड द्वारा कार्य से हटाए जाने के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेताओं ने मंगलवार को उपायुक्त से मुलाकात की। झामुमो नेता प्रमोद लाल, शेख बदरूदीन एवं महाबीर मुर्मू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के समक्ष गार्डों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा और हटाए गए सभी गार्डों को पुनः बहाल करने की मांग की। गार्डों ने एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनसे महीने में 30 दिनों तक काम कराया जाता है, जबकि केवल 26 दिनों का ही वेतन भुगतान किया जाता है। इसके अलावा, पिछले 15 महीनों से उनका भविष्य निधि (पीएफ) भी जमा नहीं किया गया है।
झामुमो नेताओं ने उपायुक्त से मांग की कि गार्डों की बकाया भविष्य निधि राशि जल्द दिलाई जाए तथा नई एजेंसी के आने के बावजूद सभी 140 गार्डों को पुनः नियुक्त किया जाए। उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि नई एजेंसी के तहत गार्डों की पुनः बहाली सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर प्रमोद सिंह, शशिकांत पांडे, राजीव तिवारी, पंकज कुमार, प्रीतेश सिंह, अमित सिंह, विशाल कुमार, भरत भूषण ओझा, रवि पांडेय, विनोद कुमार, दिनेश कुमार, अमित कुमार, अरविंद गिरी व सोनू बाग सहित अन्य लोग उपस्थित थे।




