बांगुड़दा का गौरव कायम: 12वीं साइंस में फिर चमकी प्रतिभा, बंगाल की बेटी कृष्णा रॉय बनीं जिला संयुक्त टॉपर
कृष्णा रॉय
Patamda: पटमदा प्रखंड के शैक्षणिक परिदृश्य में एक बार फिर गौरव का क्षण आया है। आदिवासी प्लस टू हाई स्कूल, बांगुड़दा ने अपनी उत्कृष्ट परंपरा को बरकरार रखते हुए इस वर्ष भी जिला टॉपर दिया है। विद्यालय की मेधावी छात्रा कृष्णा रॉय ने झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की 12वीं साइंस परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 476 अंक हासिल किए हैं और जिले की संयुक्त टॉपर बनी हैं। वह पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बराबाजार की निवासी है जो 9वीं से ही यहां पढ़ाई कर रही थी। वह डॉक्टर बनना चाहती हैं और नीट की तैयारी कर रही है। उसके पिता बेंगलुरु की एक कंपनी के लिए काम करते हैं और माता गृहिणी हैं। वह अपने घर से करीब 12 किमी दूर आदिवासी प्लस टू हाई स्कूल बांगुड़दा आना जाना करती हैं।
इस उपलब्धि ने न सिर्फ विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल बना दिया है। छात्रा की इस सफलता को लेकर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। गौरतलब है कि इस बार प्रतियोगिता काफी कड़ी रही, और आदिवासी प्लस टू हाई स्कूल, सीतारामडेरा के एक अन्य छात्र ने भी 476 अंक प्राप्त किए हैं। इसी कारण दोनों विद्यार्थियों को संयुक्त रूप से जिला टॉपर घोषित किया गया है।
निरंतर उत्कृष्टता का प्रतीक बना बांगुड़दा विद्यालय
आदिवासी प्लस टू हाई स्कूल, बांगुड़दा लगातार बेहतर परिणाम देकर अपनी पहचान मजबूत करता जा रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद यहां के छात्र-छात्राएं अपनी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन से सफलता की नई मिसाल गढ़ रहे हैं।
प्रेरणा बनी कृष्णा रॉय की सफलता
कृष्णा रॉय की यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि कठिन परिस्थितियों में भी यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय परिवार और स्थानीय लोगों ने कृष्णा रॉय को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।




