आतंकवाद विरोधी दिवस पर एमबीएनएस में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
Jamshedpur: राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई–1, एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन द्वारा आतंकवाद विरोधी दिवस के अवसर पर गुरुवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में शांति, एकता, भाईचारे और मानवता का संदेश प्रसारित करना तथा आतंकवाद के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
महाविद्यालय के मल्टीपरपज़ ऑडिटोरियम में दोपहर 12 बजे आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान शांति शपथ, पोस्टर निर्माण, जागरूकता वार्ता, नुक्कड़ नाटक एवं कैंडल श्रद्धांजलि जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का संचालन एनएसएस सेल समन्वयक सहायक प्राध्यापक डॉ. दीपिका भारती के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। मौके पर भवतारण भगत, डॉ. सुषमा अर्चना टोपनो, मिस मिली कुमारी, मधुसूदन महतो एवं डॉ. गुरुचरण कौर विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं छात्र समन्वयक प्रियंका कुमारी एवं सीमा कर्मकार ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को आतंकवाद के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और मानवता को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने आतंकवाद मुक्त, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।


