नेता नहीं, मिस्त्री बनकर पहुंचे विनोद स्वांसी, बंद पड़ी जलमीनारें ठीक, महीनों बाद गांवों में आया पानी

Patamda: जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र से झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के पूर्व प्रत्याशी एवं इलेक्ट्रिकल इंजीनियर विनोद स्वांसी रविवार को अलग अंदाज में नजर आए। नेता की बजाय मिस्त्री की भूमिका निभाते हुए उन्होंने पटमदा प्रखंड के बारूबेड़ा और नेकड़ाकोचा गांव स्थित खराब जलमीनारों की खुद मरम्मत कर उन्हें चालू कराया। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों जलमीनार पिछले करीब एक महीने से खराब पड़े थे, जिससे ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा था। विनोद स्वांसी ने मौके पर पहुंचकर इलेक्ट्रिक खराबी को ठीक किया, जिसके बाद जलापूर्ति फिर से शुरू हो गई। लंबे समय बाद पानी मिलने से ग्रामीणों में खुशी देखी गई।
अपने बीच एक जनप्रतिनिधि को खुद तकनीकी कार्य करते देख ग्रामीणों ने कहा, “नेता हो तो ऐसा, जो जनता की समस्या को समझे और खुद समाधान में जुट जाए।” वहीं कुमीर पंचायत के कोचाकुल्ही और सबर टोला स्थित दो अन्य जलमीनार पिछले छह माह से खराब पड़े हैं। जानकारी के अनुसार, इनमें खराब हुए उपकरण स्थानीय बाजार में उपलब्ध नहीं होने के कारण मरम्मत कार्य लंबित है। इस संबंध में प्रभारी बीडीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास को दूरभाष पर सूचना दी गई, जिस पर उन्होंने सोमवार से मिस्त्री भेजकर मरम्मत कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया।
मौके पर विनोद स्वांसी के साथ जेएलकेएम नेता उज्ज्वल कुमार महतो, मंगल करुवा, सुकुमार, राजेश, सुभाष, रवि एवं अन्य लोग मौजूद थे।

