तेज रफ्तार अनियंत्रित कार दुकान में घुसने पर घंटों बवाल, पुलिस से धक्का-मुक्की, कई लोग घायल

Patamda : पटमदा थाना क्षेत्र के लोवाडीह गांव में रविवार दोपहर करीब 3 बजे एक अनियंत्रित कार के एक दुकान में घुसने पर दुकानदार को भारी नुकसान हुआ जबकि इस घटना में दो बच्चों समेत दुकानदार सुकु महतो बाल – बाल बचे। लावजोड़ा हाथीखेदा मंदिर के पास एक बाइक को टक्कर मारने और बाइक सवारों के साथ कथित मारपीट करने के बाद जमशेदपुर की ओर लौट रही कार लोवाडीह गांव में अनियंत्रित होकर एक दुकान में जा घुसी। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक हंगामा किया और पुलिस के साथ भी धक्का-मुक्की की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार ने लोवाडीह में पहले एक चाय की दुकान के बाहर एक खंभे को जोरदार टक्कर मारते हुए उड़ा दिया उसके बाद जनरल स्टोर में घुस गई। इससे पूर्व भूला मोड़ के पास भी एक अन्य बाइक को टक्कर मार दी थी। घटना में नेक्सोन की नई कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक समेत उसमें सवार दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने कार में सवार लोगों को बाहर निकालकर उनकी पिटाई कर दी। हालांकि गांव के कुछ बुजुर्गों के हस्तक्षेप से स्थिति को नियंत्रित किया गया और घायलों को एक पेड़ के नीचे सुरक्षित स्थान पर बैठाया गया। कार चालक को दुर्घटना में गंभीर चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान हो गया।

सूचना मिलने पर करीब साढ़े तीन बजे पटमदा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उसे ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों और दुकान मालिक ने नुकसान की भरपाई की मांग करते हुए कार सवारों को पुलिस के हवाले करने का विरोध किया। इसी दौरान जब सहायक अवर निरीक्षक प्रशांत कुमार दोनों युवकों को पुलिस वाहन में बैठाने का प्रयास कर रहे थे, तब कुछ लोगों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और एक युवक को फिर से एक पेड़ के नीचे ले जाकर बैठा दिया। ग्रामीणों का कहना था कि यदि आरोपितों को तत्काल पुलिस ले जाती है तो उन्हें क्षतिपूर्ति नहीं मिल पाएगी। बाद में पहुंचे पटमदा थाना प्रभारी विष्णुचरण भोगता ने पीड़ित पक्ष को उचित कार्रवाई और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद पुलिस ने परसुडीह थाना क्षेत्र के प्रमथनगर निवासी कार चालक अरूप भंडारी (25 वर्ष) तथा उसके पड़ोस में रहने वाले साथी सुमित सिंह (39 वर्ष) को उपचार के लिए माचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना में दुकान और अन्य संपत्तियों को मिलाकर 50 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। इधर, मानगो निवासी गोविंद सिंह और अरुण कुमार ने आरोप लगाया है कि लावजोड़ा में उनकी बाइक को टक्कर मारने के बाद अरूप भंडारी, सुमित सिंह तथा उनके 4-5 अन्य साथियों ने उनके साथ मारपीट भी की। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


