जेएलकेएम पूर्वी सिंहभूम की कमान तपन महतो को, सुब्रत बने वरीय उपाध्यक्ष, कमेटी में पटमदा-बोड़ाम का दबदबा
तपन महतो
सुब्रत महतो
Jamshedpur : झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) द्वारा विधानसभा चुनाव के समय से खाली चल रहे पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष के पद को भर दिया गया है। पार्टी ने पूर्वी सिंहभूम जिला संगठन का विस्तार करते हुए तपन महतो को जिला अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, सक्रिय एवं संघर्षशील नेता सुब्रत महतो को जिला प्रवक्ता पद से पदोन्नत कर पूर्वी सिंहभूम जिला का वरीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इस संबंध में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधायक जयराम महतो ने शनिवार को जारी पत्र के माध्यम से नई जिला कमेटी की घोषणा की। सुब्रत महतो को नई जिम्मेदारी मिलने की सूचना मिलते ही पटमदा, बोड़ाम प्रखंड, जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र समेत पूरे पूर्वी सिंहभूम जिले के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए संगठन को और मजबूत बनाने की उम्मीद जताई। नई जिम्मेदारी मिलने पर सुब्रत महतो ने केंद्रीय अध्यक्ष जयराम महतो, पार्टी नेतृत्व एवं सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पद केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि संगठन द्वारा उन पर जताया गया विश्वास है। उन्होंने पार्टी की नीतियों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने, जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में आम जनता की समस्याओं को मुखरता से उठाते हुए संगठन के विस्तार को गति दी जाएगी।
इधर, पार्टी संगठन में पटमदा एवं बोड़ाम क्षेत्र के कई अन्य कार्यकर्ताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। फनी भूषण महतो को जिला प्रवक्ता, बाहादुर सहिस को जिला वरीय उपाध्यक्ष, बुद्धेश्वर महतो एवं सुसेन महतो को जिला उपाध्यक्ष, कृष्ण प्रसाद महतो को जिला सचिव तथा अनिल बास्के, श्याम सुंदर महतो, प्रदीप महतो और निर्मल महतो समेत अन्य कार्यकर्ताओं को जिला कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है।



