सड़क दुघर्टना में दो घायल, जोड़सा के ग्राम प्रधान गंभीर, टीएमएच में भर्ती
Patamda: टाटा–पटमदा मुख्य सड़क पर एसबीआई पटमदा शाखा के समीप मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक तेज रफ्तार बाइक के दुर्घटनाग्रस्त होने से उस पर सवार जोड़सा के ग्राम प्रधान समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों में जोड़सा निवासी एवं ग्राम प्रधान नवीन सिंह (40) की हालत गंभीर है, जबकि उनके साथी चाम्पिर गांव निवासी ब्रजेन्द्र कर्मकार (44) का इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नवीन सिंह बैंक संबंधी कार्य से अपनी बाइक पर ब्रजेन्द्र कर्मकार को बैठाकर बैंक शाखा जा रहे थे। बारिश के दौरान तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। घटना में नवीन सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि दिव्यांग ब्रजेन्द्र कर्मकार भी घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से पटमदा पुलिस दोनों घायलों को तत्काल माचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया। नवीन सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल भेज दिया। चिकित्सकों के अनुसार नवीन सिंह के सिर में रक्तस्राव की समस्या है और उनकी सर्जरी की तैयारी की जा रही है। वहीं, ब्रजेन्द्र कर्मकार की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।



