हर मंगलवार प्रखंड स्तर पर लगेगा मानसिक स्वास्थ्य शिविर, विशेषज्ञ डॉक्टर दीपक कुमार गिरि देंगे परामर्श
फाइल फोटो
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रत्येक माह के मंगलवार को विभिन्न प्रखंडों में तनाव मुक्ति शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत आयोजित होने वाले इन शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीजों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श के साथ आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराएगी।
सिविल कार्यालय की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, प्रथम मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटमदा (माचा), द्वितीय मंगलवार को बहरागोड़ा, तृतीय मंगलवार को पोटका तथा चतुर्थ मंगलवार को घाटशिला में शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में मनोचिकित्सक डॉ. दीपक कुमार गिरि, नैदानिक मनोवैज्ञानिक स्मिता हेम्ब्रम, मनोरोग परिचारिका तजिन कुलू तथा वार्ड अर्दली पवन कुमार साहू को दवा सहित समय पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य तनाव, मानसिक दबाव और अन्य मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है।



