नक्सली असीम मंडल की गिरफ्तारी में मदद करें, एक करोड़ का इनाम पाएं

Patamda : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने वांछित हार्डकोर भाकपा (माओवादी) नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए ग्रामीणों से सहयोग की अपील की है। रविवार को पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगता के नेतृत्व में ओपो, बाटालुका, मोहनपुर, बूढ़ीगोड़ा, जेरका, सारी, राजाबासा और जामडीह समेत विभिन्न इलाकों में इनामी नक्सलियों के पोस्टर चिपकाए गए। इस दौरान ग्रामीणों और दुकानदारों से संपर्क कर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।

पुलिस की सूची में छह वांछित नक्सली शामिल हैं। असीम मंडल उर्फ आकाश, तिमिर व मनोज (पिता कार्तिक मंडल, ग्राम उतरफुलचक, थाना चंद्रकोना, जिला पश्चिमी मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल) पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित है। राम प्रसाद मार्डी उर्फ महादेव उर्फ सचिन (पिता सनातन मार्डी, ग्राम झुंझका, थाना पटमदा, जिला पूर्वी सिंहभूम) पर पांच लाख रुपये, बुलू महतो उर्फ गौरी (पति मदन महतो, ग्राम करमसोल, थाना सालबनी, जिला पश्चिमी मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल) और मीता उर्फ नयनतारा उर्फ झुंपा उर्फ परी (पति राम प्रसाद मार्डी उर्फ सचिन, ग्राम रखेनाचुरा, थाना नंदीग्राम, जिला पूर्वी मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल) पर दो-दो लाख रुपये का इनाम है। मंगल सिंह सरदार उर्फ मंगल महतो उर्फ पाण्डेय उर्फ मंगल दा (पिता नलरीकांत महतो उर्फ केशव सिंह सरदार, ग्राम विदरी, थाना बेलपहाड़ी, जिला झाड़ग्राम, पश्चिम बंगाल) पर 15 लाख रुपये और मालती मुर्मू उर्फ मालुती (पति मंगल सिंह सरदार, ग्राम गोपीवल्लभपुर, जिला झाड़ग्राम, पश्चिम बंगाल) पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस ने अपील की है कि उक्त नक्सलियों के संबंध में कोई भी विश्वसनीय जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले को नियमानुसार पुरस्कार दिया जाएगा और उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। सूचना वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम (9431706480) या पुलिस अधीक्षक ग्रामीण (9470199228) को दी जा सकती है।



