बेलटांड़ चौक पर तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो गंभीर
Patamda : टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर बेलटांड़ चौक के समीप मंगलवार की देर शाम करीब आठ बजे तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार कमलपुर थाना क्षेत्र के राहेरडीह गांव निवासी सुभाष महतो एवं चांडिल थाना क्षेत्र निवासी नवकिशोर महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद 108 एंबुलेंस से एमजीएम अस्पताल ले जाया गया।
झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, कांग्रेस नेता विश्वामित्र दास, विकास मंडल, विकास रजक समेत स्थानीय लोगों ने घायल बाइक चालक सुभाष महतो के परिजनों को सूचित कर दिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बाइक सवार दोनों व्यक्ति जमशेदपुर से पटमदा के रांगाटांड़ गांव स्थित रिश्तेदार के घर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से जमशेदपुर की ओर जा रही कार ने बेलटांड़ चौक के पास बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सुभाष महतो के सिर पर गंभीर चोट होने की वजह से घटनास्थल पर काफी रक्तस्राव हुआ है। गनीमत है कि वह हेलमेट पहने हुए थे अन्यथा स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
घटना के बाद पश्चिम बंगाल के बांदोवान निवासी कार सवार युवक वाहन लेकर मौके से फरार होने लगे। पटमदा पुलिस ने तत्काल बोड़ाम थाना को इसकी सूचना दी। इसके बाद बोड़ाम के हलूदबनी ओपी पुलिस पदाधिकारी अब्दुला खान ने समाजसेवी उमेश महतो एवं मटू मार्डी की मदद पीछा कर कार को रोक लिया और उसमें सवार चार युवकों को पकड़ लिया। बताया जाता है कि दूसरे घायल नवकिशोर महतो का ससुराल पटमदा के रांगाटांड़ में है। पुलिस कार चालक एवं अन्य लोगों से पूछताछ करते हुए पूरे मामले की जांच कर रही है।



