राज्य स्तर पर 5 सितंबर को सम्मानित होंगी पटमदा की शिक्षिका डॉ. प्रियंका झा
Patamda : पटमदा प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्र स्थित प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय, माचा की प्रभारी प्रधानाध्यापिका डॉ. प्रियंका झा का चयन राज्य शिक्षक पुरस्कार एवं सम्मान के लिए किया गया है। शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को रांची में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
पूर्वी सिंहभूम जिले से कुल 12 शिक्षक-शिक्षिकाओं का चयन हुआ है, जबकि राज्य के विभिन्न जिलों से कुल 190 शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया जाएगा। समारोह का आयोजन झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (जेसीईआरटी), रांची के जेईपीसी सभागार में किया जाएगा। डॉ. प्रियंका झा को बालिका शिक्षा के उत्थान, पर्यावरण संरक्षण, ‘कबाड़ से जुगाड़’, सामुदायिक विकास और कचरा प्रबंधन सहित विद्यालय एवं समाज के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। उनके नेतृत्व में विद्यालय ने शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम भी हासिल किया है।
जेसीईआरटी रांची के लाइव स्ट्रीमिंग कार्यक्रम में उन्होंने विद्यालय संचालन में प्रधानाध्यापक की भूमिका एवं विद्यालय विकास के विषय पर देशभर के शिक्षकों के समक्ष अपने अनुभव साझा किए थे। उनके चयन की खबर से पटमदा क्षेत्र के अभिभावकों और शिक्षकों में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष साथी गोप और उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार महतो ने गुरुवार को डॉ. प्रियंका झा को अग्रिम बधाई दी।



