मुख्य व सहायक सड़कों पर वाहन पार्किंग पर होगी सख्ती, परिवहन मंत्री ने की गलत पार्किंग की सूचना देने की अपील
Jamshedpur : झारखंड में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने के उद्देश्य से मंत्री दीपक बिरुआ ने राज्यवासियों से मुख्य एवं सहायक सड़कों पर वाहनों की पार्किंग नहीं करने की अपील की है। उन्होंने सभी जिलों के उपायुक्तों से इस अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) और मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) की सेवाएं लेते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
मंत्री ने कहा कि सड़कों पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़ा करने से आवागमन बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने गैराज, वाहन धुलाई केंद्रों तथा वाहन मालिकों और युवाओं से भी सड़क किनारे वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर वाहनों की गलत पार्किंग पाए जाने पर संबंधित वाहन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी जिले या सड़क पर गलत तरीके से वाहन पार्क किए जाने की जानकारी मिलती है, तो उसकी सूचना साझा करें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए इस विषय पर वह स्वयं भी नजर रखेंगे। सरकार की ओर से परिवहन विभाग के माध्यम से सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन से जुड़े कार्यों को संचालित किया जाता है।




