बरद खूंटा के साथ बांदना पर्व का समापन, अहिरा गीतों पर झूमे पशुधन
पटमदा-बोड़ाम के गांवों में चार दिवसीय पर्व को लेकर रही उत्सवी धूम, विभिन्न मेलों में उमड़ी भीड़
Patamda: अमावस्या तिथि को काली पूजा के साथ शुरू हुए चार दिवसीय पारंपरिक बांदना पर्व का समापन बुधवार को बरद खूंटा के साथ शांतिपूर्ण ढंग से हो गया। इस दौरान पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड के विभिन्न गांवों में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।
पर्व के अंतिम दिन विभिन्न गांवों में खूंटाव, सोहराय एवं कांटा काढ़ा आदि के नाम से पारंपरिक मेलों का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने मेले का भरपूर आनंद उठाया। वहीं, पेनादा, लेकड़ो, बांसगढ़ और बिड़रा समेत कई गांवों में बैलों एवं भैंसों को पारंपरिक अहिरा गीतों और ढोल-नगाड़ों की थाप पर नचाया गया। ग्रामीणों ने सदियों पुरानी इस लोक परंपरा को उत्साहपूर्वक निभाते हुए पशुधन के प्रति अपनी आस्था और सम्मान प्रकट किया।












