ग्रामीण एलपीजी उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, अब 25 दिन में करा सकेंगे सिलेंडर की दोबारा बुकिंग
Jamshedpur : केंद्र सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों के घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए गैस सिलेंडर की दोबारा बुकिंग के लिए निर्धारित न्यूनतम अंतराल को घटाकर 25 दिन कर दिया है। इसके साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए रिफिल बुकिंग का नियम समान हो गया है। अमेरिका-ईरान संघर्ष और होर्मुज जलडमरूमध्य में आपूर्ति बाधित होने के कारण देश में एलपीजी की उपलब्धता पर दबाव बढ़ गया था। उस दौरान सरकार ने शहरी उपभोक्ताओं को 25 दिन के अंतराल पर रिफिल बुक करने की अनुमति दी थी, जबकि ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए यह अवधि 45 दिन निर्धारित की गई थी।
अब एलपीजी की उपलब्धता में सुधार के बाद ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए भी बुकिंग अंतराल घटाकर 25 दिन कर दिया गया है। वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान के बावजूद घरेलू मांग पूरी करने के लिए सरकार लगातार स्थिति की निगरानी कर रही है। गौरतलब है कि जून में सरकार ने वाणिज्यिक एलपीजी की आपूर्ति पर लगाए गए प्रतिबंध भी वापस ले लिए थे। पेट्रोलियम मंत्रालय ने तेल विपणन कंपनियों को गैर-घरेलू पैक्ड एलपीजी की आपूर्ति को संघर्ष से पहले के स्तर पर सामान्य करने का निर्देश दिया था। इससे उद्योगों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी राहत मिली। इससे पहले उत्पादन और व्यावसायिक गतिविधियों पर असर रोकने के लिए सरकार ने वाणिज्यिक एलपीजी की आपूर्ति को संकट से पहले की खपत के 50 प्रतिशत तक बहाल करने की अनुमति दी थी। उल्लेखनीय है कि फरवरी में अमेरिका-इजरायल और ईरान से जुड़े संघर्ष तथा होर्मुज जलडमरूमध्य में शिपिंग व्यवधान के बाद वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर दबाव बढ़ गया था। इस दौरान सरकार ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रावधानों के तहत घरेलू एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने और संभावित कमी से बचाव के लिए कई नियंत्रणात्मक कदम उठाए थे।



