उधार के भवन में चलने वाला बांगुड़दा पीएचसी को मिलेगा अपना भवन, हुआ शिलान्यास
Patamda: पटमदा प्रखंड के बांगुड़दा गांव में पंचायती राज विभाग से स्वीकृत 55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का शिलान्यास बुधवार को विधायक प्रतिनिधि सह झामुमो नेता सुभाष कर्मकार और जिला पार्षद खगेन चंद्र महतो ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर किया।
इस मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अश्विनी महतो, उप प्रमुख प्रतिनिधि विश्वनाथ माझी, अश्विनी सिंह, मंटू महतो, बिंदु वाला महतो और स्वपन महतो समेत अन्य लोग मौजूद थे। सुभाष कर्मकार ने बताया कि बांगुड़दा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का अपना भवन नहीं होने के कारण फिलहाल तहसील कचहरी परिसर में संचालित हो रहा था। उससे पूर्व कई दशकों तक लैंपस भवन में चला। इससे मरीजों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी होती थी। नए भवन के निर्माण के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होने के साथ-साथ काफी सहूलियत होगी। उन्होंने संवेदक से निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा करने का आग्रह किया।




