पटमदा के बनकुंचिया में अवैध क्रशर सील, भारी मात्रा में चिप्स-बोल्डर मिले


Patamda: कमलपुर थाना क्षेत्र के बनकुंचिया पंचायत के हुटुपाथर गांव में कई माह से अवैध रूप से संचालित रायसन स्टोन क्रशर के खिलाफ बुधवार को खनन एवं प्रदूषण नियंत्रण विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। उपायुक्त के निर्देश पर की गई छापेमारी के दौरान क्रशर परिसर में भारी मात्रा में स्टोन चिप्स और बोल्डर पाए गए। टीम ने क्रशर मशीन को सील कर दिया।
जिला खनन विभाग के अधिकारी अभिजीत मजूमदार और प्रदूषण नियंत्रण पदाधिकारी अनिल कुमार सक्सेना के नेतृत्व में टीम बनकुंचिया पहुंची। क्रशर में मौजूद अमरजीत सिंह से मशीन संचालन से संबंधित कागजात मांगे गए। उन्होंने संचालन के लिए कागजात का आवेदन किए जाने की बात कही, लेकिन मौके पर वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। क्रशर परिसर में रखे बोल्डर से संबंधित चालान भी नहीं दिखा पाया। जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि क्रशर मशीन के चारों ओर सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक घेराबंदी भी नहीं की गई थी। अनियमितताएं मिलने पर टीम ने क्रशर को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद अधिकारियों ने ओड़िया के लायाडीह खदान का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान खदान पिछले करीब पांच माह से पूरी तरह बंद पाई गई।




