दुर्गापूजा में निर्बाध बिजली आपूर्ति की तैयारी पूरी, नहीं होगी लोड शेडिंग : जीएम
फीडरों का रखरखाव पूरा, अतिरिक्त ट्रांसफार्मर और ट्रॉली ट्रांसफार्मर तैयार
Jamshedpur : दुर्गापूजा के दौरान शहर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बिजली विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। विद्युत विभाग के जीएम अजीत कुमार ने बताया कि पूजा के दौरान लोड शेडिंग नहीं होगी। बिजली व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए फीडरों का रखरखाव, आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था तथा अतिरिक्त और ट्रॉली ट्रांसफार्मर तैयार रखे गए हैं।
उन्होंने बताया कि किसी भी क्षेत्र में तकनीकी खराबी आने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट रहने तथा कार्यालय एवं कंट्रोल रूम में नियमित रूप से उपलब्ध रहने का निर्देश दिया गया है। उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं। विभाग का लक्ष्य दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं, पूजा समितियों और आम उपभोक्ताओं को बिजली कटौती की परेशानी से बचाना तथा शहर में निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखना है।





