जोड़सा रोड पर अनियंत्रित बाइक दुर्घटनाग्रस्त, किशोर की मौत
Patamda: पटमदा थाना क्षेत्र के बेलटांड़-जोड़सा रोड पर पोकलाबेड़ा गांव के पास शुक्रवार शाम करीब सात बजे तीखे मोड़ पर एक अनियंत्रित बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में तुंगबुरू गांव निवासी सारी धरम माण्डी (15) की मौत हो गई।
बताते हैं कि दुर्घटना के बाद किशोर देर रात तक घटनास्थल पर पड़ा रहा और उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शनिवार सुबह एमजीएम अस्पताल भेजा। वहां चिकित्सकों ने उसकी मौत की पुष्टि की।
मृतक के चचेरे भाई सुनाराम माण्डी ने बताया कि सारी धरम अपने पिता तियाड़ी माण्डी का इकलौता बेटा था। शुक्रवार को वह अकेले अपनी बड़ी बहन की ससुराल बांसतोला गांव गया था। शाम को घर लौटने के दौरान पोकलाबेड़ा के पास उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर परिजन एमजीएम अस्पताल पहुंचे। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।












