बोड़ाम में टांगी लेकर निकले युवक का तांडव, आठ लोगों पर किया हमला, बुजुर्ग महिला गंभीर
Patamda : बोड़ाम थाना क्षेत्र के पोखरिया गांव में रविवार सुबह एक युवक ने टांगी (ताबला) से हमला कर आठ लोगों को घायल कर दिया। अचानक हुए इस हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई। घायलों में 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला सरुवाली महतो की हालत गंभीर है। उनका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है, जबकि अन्य घायलों का इलाज पश्चिम बंगाल के बराबाजार सरकारी अस्पताल समेत विभिन्न स्थानों पर कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5:30 बजे भीष्म गोराई का 22 वर्षीय पुत्र शंभू गोराई टांगी लेकर घर से निकला और सबसे पहले गांव की सरुवाली महतो पर हमला कर दिया। उसने महिला के दोनों हाथों पर वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद गांव में आगे बढ़ते हुए घरों से बाहर निकले सात अन्य लोगों पर भी टांगी से हमला कर दिया। सरुवाली के पुत्र वीरेश महतो उन्हें सुबह करीब आठ बजे एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में मामोनी कर्मकार (65), निर्मल प्रमाणिक (60), राजा सहिस (17) और बुधनी सहिस (50) समेत अन्य लोग शामिल हैं। ग्रामीणों के अनुसार, शंभू पिछले करीब दो वर्षों से मानसिक रूप से बीमार है। उसका इलाज भी चल रहा है और बीच में उसकी स्थिति में सुधार हुआ था। हालांकि, रविवार सुबह अचानक उग्र होकर उसने ग्रामीणों पर हमला कर दिया।
घटना के बाद शंभू के पिता और अन्य परिजनों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भागकर मोहरीबासा के जंगल में घुस गया। सुबह करीब 11 बजे तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना बोड़ाम पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। युवक की तलाश और उसे काबू में करने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद से पोखरिया गांव में दहशत का माहौल है।











