घंटों की मशक्कत के बाद मोहरीबासा जंगल से पकड़ा गया हमलावर युवक, ग्रामीणों ने परिजनों को सौंपा

Patamda: बोड़ाम थाना क्षेत्र के पोखरिया गांव में रविवार सुबह टांगी से हमला कर छह लोगों को गंभीर रूप से घायल करने और दो अन्य को मामूली चोट पहुंचाने वाला युवक शंभू गोराई आखिरकार शाम करीब चार बजे मोहरीबासा जंगल से पकड़ लिया गया। हालांकि इस दौरान उसके आसपास जाने वाले लोगों पर खूब पत्थर बरसाए और हमला करने का प्रयास किया लेकिन सैकड़ों की संख्या में जुटे ग्रामीणों ने भी हार नहीं मानी और शाम करीब 4 बजे उसे पकड़ लिया गया। घटना के बाद जंगल में घुसे युवक को काबू में करने के लिए ग्रामीणों और पुलिस को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान पुलिस के साथ सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जंगल में जुटी रही। पकड़ने के बाद ग्रामीणों ने उसे परिजनों के हवाले कर दिया। परिजन सोमवार को उसे इलाज के लिए कांके अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे हैं।


ग्रामीणों के अनुसार, शंभू गोराई मुर्गा व्यापारी है और बोड़ाम क्षेत्र से मुर्गियों की खरीदारी कर जमशेदपुर के कदमा बाजार में बेचता है। वह पिछले दो वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ है। बीच में उसकी हालत में सुधार हुआ था, लेकिन शनिवार रात नींद नहीं आने के कारण वह रातभर गांव की सड़कों पर घूमता रहा। रविवार सुबह होते ही उसने अचानक ग्रामीणों पर टांगी से हमला कर दिया। घटना के बाद पोखरिया और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल रहा। इधर, घटना की जानकारी मिलने पर बोड़ाम के पूर्व जिला पार्षद स्वपन कुमार महतो एमजीएम अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। गंभीर रूप से घायल सरुवाली महतो को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किए जाने के बाद उन्होंने एंबुलेंस से रांची भेजने में सहयोग किया। इस दौरान सतीश महतो, तपन कुमार महतो समेत कई ग्रामीण मौजूद थे।












