कोल्हान में झामुमो ने 11 में 10 सीटें जीती, 1 सीट कांग्रेस को, 3 सीटें गई एनडीए के खाते में
झामुमो नेता कुणाल षड़ंगी के साथ पूर्वी सिंहभूम के चारों झामुमो विधायक
Jamshedpur : राज्यभर में जिस तरह से हेमंत सोरेन सरकार की विकास योजनाओं की बदौलत जनता ने भारी समर्थन देते हुए उस पर मुहर लगाई है, कोल्हान प्रमंडल में भी जनता ने दिल खोलकर समर्थन दिया है। यहां की सभी 14 सीटों में भी सिर्फ सरायकेला सीट को छोड़ दें तो लगभग झामुमो की इस क्षेत्र में बादशाहत बरकरार रही। कोल्हान प्रमंडल अंतर्गत जुगसलाई, पोटका, बहरागोड़ा, घाटशिला, चाईबासा, मझगांव, चक्रधरपुर, खरसावां, मनोहरपुर व ईचागढ़ की सीटें झामुमो जीतने में सफल रही। जबकि सरायकेला सीट पर भाजपा प्रत्याशी चम्पाई सोरेन ने झामुमो प्रत्याशी गणेश माहली को करीब 20 हजार वोटों के अंतर से हरा दिया।
जीत की घोषणा के बाद जश्न मनाते झामुमो नेता अजय रजक व अन्य नेता
कोल्हान में चाईबासा की सीट पर मंत्री दीपक बिरुआ ने सर्वाधिक 64,835 मतों के अंतर से भाजपा प्रत्याशी गीता बालमुचू को हराया। दीपक बिरुआ को 107367 जबकि गीता बालमुचू को 42532 वोट प्राप्त हुए। जुगसलाई सीट से दूसरी बार विधायक बने मंगल कालिंदी को दूसरी सबसे बड़ी बढ़त हासिल हुई है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी आजसू प्रत्याशी रामचंद्र सहिस को करीब 43 हजार मतों के अंतर से हरा दिया है। इंडिया गठबंधन के तहत कांग्रेस प्रत्याशी सोनाराम सिंकू भी दूसरी बार कांग्रेस पार्टी से विधायक बने हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी गीता कोड़ा को हरा दिया है। कोल्हान में एक मात्र कांग्रेस के विधायक बने हैं सोनाराम सिंकू। एनडीए कोटे से जमशेदपुर पूर्वी में पूर्णिमा साहू ने डॉ. अजय कुमार को करीब 45 हजार वोटों के अंतर से हरा दिया है। वह पहली बार विधायक चुनी गई हैं। जबकि जमशेदपुर पश्चिम सीट पर जदयू प्रत्याशी सरयू राय ने करीब 7 हजार वोटों के अंतर से मंत्री बन्ना गुप्ता को हरा दिया है।
कॉपरेटिव कॉलेज परिसर में झामुमो की महिला कार्यकर्ता नृत्य करतीं






























