गोड़गोड़ा में दिशोम बाहा मिलन समारोह 23 मार्च को, शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन होंगे मुख्य अतिथि
Jamshedpur: दिशोम जाहेर गाढ़ समिति गोड़गोड़ा, बालीगुमा की ओर से रविवार को तैयारी बैठक सह प्रेस वार्ता का आयोजन एनएच 33 बालीगुमा के एक होटल में संपन्न हुआ। मुख्य रूप से 23 मार्च को दिशोम बाहा मिलन समारोह का आयोजन को सफल बनाने के लिए विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर दिशोम जाहेर गाढ़ समिति के अध्यक्ष फतेहचंद टुडू ने कहा कि समारोह में मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में धाड़ दिशोम के देश परगना बैजू मुर्मू तथा झामुमो के वरिष्ठ नेता महाबीर मुर्मू आदि उपस्थित होंगे। सचिव मदन मोहन सोरेन ने कहा कि बाहा नृत्य दल आदिवासी खेरवाल रूसिका माडवा सोरबिला, धालभूमगढ़ और संयुक्त वन अधिकार समिति गोड़गोड़ा, बालीगुमा द्वारा प्रस्तुत किया जायेगा। अंतिम में लांगड़े नृत्य की प्रतियोगिता होगी।
मुख्य आकर्षण का केंद्र संताल समाज के मान्यता अनुसार मानव समाज की उत्पत्ति, ऐतिहासिक घटनाएं, लुगु बुरु घंटा बाड़ी तथा कापी बुरु में पंडित रघुनाथ मुर्मू द्वारा ओल चिकी का आविष्कार के संबंध में झांकियां दिखाई जाएंगी। इस अवसर पर फतेहचंद टुडू, मदन मोहन सोरेन, माझी बाबा रमेश मुर्मू, माझी बाबा सोमाय सोरेन, सनातन टुडू, सुखलाल टुडू, राखाल सोरेन, दुर्गा सोरेन, रंजीत सोरेन, नवीन हांसदा, संदीप किस्कु, सुषमा बास्के, सुकमती भूमिज, सरोजिनी हांसदा व मनीषा मुर्मू आदि उपस्थित थे।