पटमदा बाजार, बिड़रा व बरियादा में आयोजित हरिनाम संकीर्तन के दूसरे दिन उमड़े श्रद्धालु
बारियादा गांव में हरिनाम संकीर्तन प्रस्तुत करते कलाकार।
Patamda: पटमदा प्रखंड अंतर्गत पटमदा बाजार व बिड़रा एवं बोड़ाम प्रखंड के बरियादा गांव स्थित सार्वजनिक हरि मंदिर कमेटी की ओर से आयोजित 72 घंटे का हरिनाम संकीर्तन रविवार को सुबह शुरू हुआ। गांव के चारों ओर हरिनाम संकीर्तन की गूंज से गांव कृष्ण नगरी जैसा प्रतीत होने लगा है। गांव की महिलाएं पहुंच कर पूजा-अर्चना करते हुए यहां आने वाले भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण कर रही हैं। श्रद्धालुओं द्वारा अपने परिवार की खुशहाली के लिए मन्नतें भी मांगी जा रही हैं। जबकि अन्य श्रद्धालुओं द्वारा अपनी मन्नतें पूरी होने पर बतासा आदि प्रसाद का वितरण किया जा रहा है।
बिड़रा गांव में हरिनाम का श्रवण करते समाजसेवी आस्तिक महतो व अन्य।
दूसरे दिन सोमवार को हल्की बारिश के बाद माहौल खुशनुमा होने से श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ गई जिससे माहौल और भक्तिमय हो गया। जमशेदपुर के समाजसेवी आस्तिक महतो ने विभिन्न मंदिरों में मत्था टेका और आशीर्वाद लिया। महतो ने हरिनाम का श्रवण किया और कमेटी के सदस्यों का हौसला बढ़ाया। मौके पर उनके साथ उप मुखिया गोपाल गोराई, ग्राम प्रधान विकास महतो, सनत महतो व नकुल महतो आदि मौजूद थे।
बारियादा गांव में सार्वजनिक कमेटी की ओर से आयोजित 24 प्रहर हरिनाम संकीर्तन महायज्ञ के दूसरे दिन सोमवार को आसपास गांव से काफी संख्या में श्रद्धालु हरिनाम श्रवण करने पहुंचे। कमिटी के सदस्य खगेन महतो ने बताया कि हरिनाम संकीर्तन का समापन बुधवार को धुलट के साथ होगा। उन्होंने बताया कि इस धार्मिक अनुष्ठान में विभिन्न क्षेत्रों से कुल छह कीर्तन मंडलियां भाग ले रही हैं। इसमें मां शीतला महिला संप्रदाय (सारेंगा), मां मनसा महिला संप्रदाय (गोहालडांगा), भालुवासा निताई गौर हरिनाम संकीर्तन (भालुबासा), श्री श्री राधा गोविंद हरिनाम संप्रदाय (टीकर), श्री बजरंग हरिनाम संप्रदाय (केकरो) व श्री श्री हरि नाम संकीर्तन संप्रदाय (बारियादा) शामिल हैं। अनुष्ठान को सफल बनाने में कमेटी के सदस्य सह शिक्षक पशुपति महतो, खगेन महतो, सतीश महतो, हरिपद महतो, गोपेन महतो, अंबुज माहली, तारापद महतो, अजय महतो, नीलकमल महतो, दीनबंधु महतो, विजय कर्मकार, देवेन महतो, मनसाराम कर्मकार व बासुदेव महतो आदि योगदान दे रहे हैं।