जविप्र दुकानदार से 10 हजार घूस लेते प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी गिरफ्तार, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने की कार्रवाई
Ranchi: भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) रांची की टीम ने मंगलवार को तमाड़ प्रखंड से प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अभिजीत चैल को एक जनवितरण प्रणाली (जविप्र) के दुकानदार से 10 हजार रुपए घूस लेने के आरोप में प्रखंड परिसर से गिरफ्तार किया है। इसके बाद प्रखंड सह अंचल कार्यालय के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
इस संबंध में दुकानदार धनंजय साहू ने एसीबी से शिकायत की थी कि प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अभिजीत चैल ने 8 मार्च को उनकी दुकान आकर 20 हजार रुपए की मांग की थी। चूंकि वह घूस देकर दुकान चलाना नहीं चाहते थे इसलिए इसकी शिकायत उन्होंने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रांची से की थी। आरोप है कि प्रत्येक दुकानदार से महीने का 3 हजार रुपए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (बीएसओ) वसूलते थे। आवेदन का विधिवत सत्यापन के उपरांत प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, तमाड़ अभिजीत चैल पर लगे आरोपों को सत्य पाया गया एवं वादी के लिखित आवेदन व सत्यापनकर्ता के सत्यापन प्रतिवेदन के आधार पर भ्र.नि. ब्यूरो थाना, रांची कांड संख्या 04/2025,17.03.2025, धारा 7 (ए), भ्र.नि. (संशोधित) अधिनियम-2018 पंजीकृत कर प्राथमिकी अभियुक्त अभिजीत चैल को भ्र.नि. ब्यूरो, रांची के धावा दल द्वारा मंगलवार को 10 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी कार्यालय, तमाड़ से गिरफ्तार किया गया एवं अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।