प्रखंड स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित, उत्क्रमित मध्य विद्यालय लावा अव्वल

Patamda: शुक्रवार को प्रखंड स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में (नवाचार) प्रोजेक्ट की प्रतियोगिता संकुल संसाधन केंद्र पटमदा में संपन्न हुई। इसमें प्रखंड के मध्य विद्यालयों एवं कस्तूरबा विद्यालय के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। सभी स्कूलों की ओर से अलग-अलग नवाचार एवं विज्ञान प्रदर्शनी के लिए अलग-अलग प्रोजेक्ट प्रस्तुत किया गया। प्रथम स्थान उत्क्रमित मध्य विद्यालय लावा, द्वितीय मॉडल स्कूल पटमदा तथा तीसरा केजीबीपी स्कूल बांगुड़दा ने प्राप्त किया। प्रथम पुरस्कार पाने वाले उत्क्रमित मध्य विद्यालय लावा के विद्यार्थी जिला स्तरीय प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए 24 मार्च को जमशेदपुर जाएंगे।

निर्णायक मंडली के रूप में विवेकानंद दरिपा, डोली दे, स्नेहलता कुमारी एवं अवनी महंती उपस्थित रहे। मौके पर +2 उच्च विद्यालय बांगुड़दा के शिक्षक विवेकानंद दरिपा ने कहा कि बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को उजागर करने के लिए इस तरह के कार्यक्रम काफी फायदेमंद साबित होते हैं। एसएस +2 उच्च विद्यालय पटमदा की शिक्षिका डोली दे ने कहा कि हर एक बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण होते हैं, हमें उन्हें तराशने की जरूरत है। उन्हें बेहतर मंच मिलने से वे निश्चित तौर पर आगे बढ़ सकते हैं। बीआरपी अबनी महंती ने सभी बच्चों एवं उपस्थित नोडल शिक्षक को शुभकामनाएं दी। लावा स्कूल के बच्चे और नोडल शिक्षक को 24 मार्च को जिला में जीतने के लिए शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में शकुन्तला महतो, अरविंद कुईला, उज्ज्वल कांति दास, सुधांशु महतो, हरेकृष्ण पाल, पंचानन महतो, सुभाष बास्के, श्यामपद महतो, बृहस्पति सोरेन व भजहरि महतो आदि की अहम भूमिका रही।





