पटमदा में तेज रफ्तार कार हवा में उछलकर बिजली के पोल से टकराई, टुकड़ों में बंट गया खंभा

Patamda: पटमदा-काटिन लिंक रोड पर पटमदा थाना क्षेत्र के रांगाटांड़ निर्मल चौक के पास सोमवार दोपहर करीब 12:45 बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार हवा में उछलते हुए सड़क किनारे बने गड्ढे को पार कर बिजली के एलटी पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिजली का खंभा दो हिस्सों में टूट गया, जबकि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर चपटी हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि कार चालक को मामूली खरोंच तक नहीं आई और वह सुरक्षित बच निकला।
सूचना मिलते ही पटमदा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर चालक से पूछताछ की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार पुरुलिया से जमशेदपुर की ओर जा रही थी और उसमें चालक अकेला सवार था। वहीं, घटना की सूचना मिलने पर बिजली विभाग के कर्मचारी मोहम्मद महमूद भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त बिजली पोल की जानकारी विभाग के अधिकारियों को दी, ताकि जल्द से जल्द मरम्मत कर विद्युत व्यवस्था सामान्य की जा सके। उन्होंने बताया कि खंभे में केबल तार होने की वजह से विद्युत प्रवाहित नहीं हुआ अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।



