राज्य में अब हर महीने मनाया जाएगा मंईयां सम्मान दिवस, रांची से एक साथ जारी होगी मंईयां योजना की राशि
Ranchi: झारखंड सरकार मंईयां सम्मान योजना के भुगतान सिस्टम में बड़ा बदलाव करने जा रही है। प्रस्तावित नई व्यवस्था के तहत अब हर महीने ‘मंईयां सम्मान दिवस’ मनाया जाएगा, जिस दिन राज्य के सभी करीब 51 लाख लाभुकों के बैंक खातों में एक साथ योजना की राशि ट्रांसफर की जाएगी। नई व्यवस्था के अक्टूबर से लागू होने की संभावना है। अब तक योजना की राशि जिला स्तर से लाभुकों के खातों में भेजी जाती थी, जिससे अलग-अलग जिलों में भुगतान की तिथि अलग रहती थी और पूरी प्रक्रिया में 10 से 15 दिन लग जाते थे। नई व्यवस्था में भुगतान सीधे राज्य स्तर से किया जाएगा। इसके लिए महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग आवश्यक तैयारियां पूरी कर रहा है। इस संबंध में जैप-आईटी ने नया पोर्टल भी विकसित किया है और विभागीय अधिकारियों को उसका प्रस्तुतीकरण दिया है।
नई प्रणाली लागू होने के बाद सभी जिलों के लाभुकों के खातों में एक ही दिन डीबीटी के माध्यम से राशि भेजी जाएगी। सरकार का मानना है कि इससे भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और व्यवस्थित होगी तथा लाभुकों को निर्धारित तिथि पर समय से राशि मिल सकेगी।
‘मंईयां सम्मान दिवस’ के अवसर पर राज्य स्तर पर विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री, मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हो सकते हैं। जिला स्तर के अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे और लाभुक महिलाओं से संवाद भी किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यालय से एक साथ सभी लाभुकों के खातों में राशि ट्रांसफर की जाएगी, जो चार से पांच घंटे के भीतर खातों में पहुंचने की संभावना है। नई व्यवस्था से जिलावार भुगतान में होने वाली देरी समाप्त होगी, असफल भुगतान का त्वरित समाधान संभव होगा, वित्तीय मिलान और ऑडिट प्रक्रिया बेहतर होगी तथा पूरे भुगतान तंत्र की निगरानी राज्य स्तर से अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।



