महुलबना से मुख्य सड़क तक पहुंच होगा आसान, बांदोवान विधायक ने अपने हिस्से की सड़क निर्माण का दिया आश्वासन
Patamda: महुलबना पंचायत के ग्रामीणों को जल्द ही जर्जर और कीचड़युक्त सड़क से राहत मिलने की उम्मीद है। मंगलवार को देर शाम पश्चिम बंगाल के बांदोवान विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित भाजपा विधायक लवसेन बास्के ने पटमदा के बेलटांड़ चौक पहुंचकर स्थानीय भाजपा नेता एवं जिला पार्षद प्रदीप बेसरा से मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र के विकास कार्यों, विशेषकर झारखंड-बंगाल सीमा को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण को लेकर चर्चा हुई।
विधायक लवसेन बास्के ने आश्वासन दिया कि पश्चिम बंगाल की सीमा में आने वाले करीब आधा किलोमीटर कच्चे सड़क मार्ग के निर्माण के लिए विधायक निधि अथवा अन्य उपयुक्त योजना से जल्द स्वीकृति दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से दोनों राज्यों के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने बताया कि महुलबना पंचायत के मेजूरनाचा से धोबनी बंगाल सीमा मुख्य सड़क तक करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क अभी कच्ची है। इसमें लगभग एक किलोमीटर हिस्सा झारखंड और करीब आधा किलोमीटर पश्चिम बंगाल के क्षेत्र में आता है। यदि दोनों राज्यों के जनप्रतिनिधियों के सहयोग से इस सड़क का निर्माण हो जाता है तो महुलबना पंचायत के हजारों ग्रामीणों के लिए पटमदा प्रखंड मुख्यालय और पश्चिम बंगाल के बांदोवान तक आवागमन आसान और सुगम हो जाएगा। इस क्षेत्र के लोगों को पटमदा प्रखंड मुख्यालय जाने के लिए बीच में आने वाले करीब आधे किमी बंगाल के सीमा से होकर गुजरना पड़ता है और बरसात के दिनों में स्थिति बहुत ही खराब हो जाती है। गौरतलब हो कि करीब दो दशक पूर्व उस क्षेत्र के लोगों की सुविधा हेतु तत्कालीन विधायक सह वर्तमान भाजपा नेता दुलाल भुईयां के प्रयास से नाले पर बड़ा पुलिया का निर्माण कराया गया था जिसके बाद लोगों को काफी राहत मिली थी लेकिन करीब डेढ़ किमी सड़क अब भी अधूरी रहने से पूरी तरह समस्याओं से निजात नहीं मिल पाई है।



