जय जगन्नाथ के उद्घोष से गूंजा पटमदा, महाप्रभु का रथ खींचने उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

Patamda : आस्था, भक्ति और उल्लास के माहौल में गुरुवार को पटमदा प्रखंड रथ यात्रा की रंगत में सराबोर हो गया। कमलपुर थाना क्षेत्र के दगड़ीगोड़ा स्थित श्री श्री हरि साधना आश्रम से पहली बार भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। दोपहर करीब तीन बजे जैसे ही महाप्रभु का रथ आश्रम से आगे बढ़ा, पूरा इलाका “जय जगन्नाथ” के जयघोष से गूंज उठा। रथ यात्रा जब काटिन बाजार पहुंची तो श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे श्रद्धा के साथ भगवान का रथ खींचने के लिए उत्साहित नजर आए। भक्तिमय माहौल में भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच रथ यात्रा आगे बढ़ती रही। आयोजन समिति के अनुसार रथ यात्रा आश्रम से लगभग ढाई किलोमीटर दूर स्थित गोपालपुर गांव के मौसीबाड़ी तक जाएगी।


इधर, पटमदा थाना क्षेत्र के कुलटांड़ स्थित श्री श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर से भी शाम को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यहां महाप्रभु का रथ बांसगढ़ गांव स्थित मौसीबाड़ी तक ले जाया गया।
रथ यात्रा के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। दगड़ीगोड़ा में अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास, डीएसपी दयानंद कुमार, अंचल निरीक्षक अजय कुमार मुंडा, कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार एवं अवर निरीक्षक पुरुषोत्तम कुमार राय सहित पुलिस बल पूरे मार्ग पर तैनात रहा।
मौके पर जिला पार्षद खगेन चंद्र महतो, बिंदुवाला महतो, आयोजन समिति के अध्यक्ष गिरिजा प्रसाद मिश्रा, बासुदेव मिश्रा, मृत्युंजय महतो, प्रदीप कुमार महतो, संदीप कुमार मिश्रा, शंभू दास, प्रेमचांद महतो, इंद्रजीत मिश्रा, श्रीमंत मिश्रा, अनंत लाल मिश्रा, आनंदमय महतो, शंभू महतो, पंचानन मिश्रा, कृपासिंधु महतो, विश्वजीत कुंभकार, अरविंद मिश्रा, निर्मल कुमार महतो, देबू मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समिति के सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सौहार्द का केंद्र बना रहा।

