वन भूमि से मिट्टी खनन पर कार्रवाई, जेसीबी मशीन जब्त
Patamda: कमलपुर थाना क्षेत्र के कांकु गांव में वन भूमि से मिट्टी की खुदाई किए जाने की शिकायत पर वन विभाग ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन जब्त कर ली। जब्त मशीन को पटमदा के सालबनी स्थित वन विभाग के डिपो में रखा गया है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने की सूचना नहीं थी।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, काटिन चौक से गोपालपुर गांव होते हुए दांदुडीह (बंगाल सीमा) तक पथ निर्माण विभाग द्वारा सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इसी कार्य के लिए कांकु मौजा स्थित वन भूमि से मिट्टी की कटाई की जा रही थी। ग्रामीणों की शिकायत मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए मिट्टी कटाई में लगी जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया।



