पटमदा में रामनवमी पर निकला भव्य झंडा जुलूस, माता बासंती की प्रतिमाएं विसर्जित

Patamda: रामनवमी के पावन अवसर पर शनिवार को पटमदा क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। लावा स्थित रामकृष्ण मंदिर, श्री श्री संकट मोचन बजरंगबली मंदिर बेलटांड़, महावीर अखाड़ा ब्लॉक कॉलोनी, कुलटांड़ पंचमुखी हनुमान मंदिर एवं बांसगढ़ बजरंगबली मंदिर से शाम करीब 4 बजे गाजे-बाजे के साथ भव्य झंडा विसर्जन जुलूस निकाला गया। इसी क्रम में बेलटांड़ दुर्गा मंदिर से माता बासंती की प्रतिमा का विसर्जन जुलूस भी निकाला गया, अश्रुपूरित नेत्रों से माता को विदाई दी गई।


बेलटांड़, बोड़ाम, चिरुडीह एवं बांगुड़दा में रात्रि 9 बजे तक माता बासंती की प्रतिमा विसर्जित कर दी गईं। जुलूस के दौरान युवाओं ने लाठी-खेल, तलवार भांजने सहित विभिन्न पारंपरिक करतबों का शानदार प्रदर्शन कर माहौल को भक्तिमय और रोमांचक बना दिया। इसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पटमदा थाना प्रभारी विष्णुचरण भोगता व प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी एवं जवान पूरे समय मुस्तैद रहे, जबकि दंडाधिकारी के रूप में अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास सक्रिय रूप से मौजूद रहे। जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही। इस अवसर पर जिला पार्षद प्रदीप बेसरा, भाजपा नेता मुचीराम बाउरी, सांसद प्रतिनिधि महावीर महतो, प्रदीप कुमार, दीपक कुमार महतो, पोल्टू मिश्रा, निर्मल कुमार महतो, विश्वामित्र दास, महेश्वर दास, विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू, झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, सामाजिक कार्यकर्ता पूर्ण सिंह, हृदय कुंभकार, विजय कुमार पंडित एवं मिलन दास सहित कई लोग उपस्थित रहे।


