पटमदा सीएचसी में मिर्गी मरीजों के इलाज के लिए कल लगेगा विशेष शिविर
Patamda: पटमदा और बोड़ाम क्षेत्र के मिर्गी से पीड़ित मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), पटमदा में एक दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर सुबह 10 बजे से शुरू होगा। यह आयोजन उल्लास कार्यक्रम के तहत किया जा रहा है।पूर्वी सिंहभूम सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देश पर आयोजित इस शिविर को लेकर सीएचसी पटमदा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव कुमार सिंह ने आवश्यक आदेश जारी किया है। इसके तहत शिविर के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्यकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
इसमें डेटा एंट्री ऑपरेटर सुजय दत्ता के अलावा सीएचसी पटमदा के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (सीएचओ), बहुउद्देशीय स्वास्थ्यकर्मी (एमपीडब्ल्यू), बीएएफ और सहिया साथी को निर्धारित समय पर शिविर में उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल का उद्देश्य मिर्गी से पीड़ित मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है। शिविर में पटमदा और बोड़ाम क्षेत्र के मरीजों को चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाएगी।





