बेलटांड़ में मैजिक चालक से मारपीट व छिनतई का आरोप, 7 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
Patamda : बेलटांड़ मोड़ पर मैजिक वाहन चालक के साथ मारपीट कर रुपये और महत्वपूर्ण दस्तावेज छीनने का मामला सामने आया है। इस संबंध में बिड़रा निवासी 48 वर्षीय साधन कुमार कैबर्त ने पटमदा थाना में लिखित शिकायत देकर सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। साधन के अनुसार वह मैजिक वाहन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। रविवार की रात करीब नौ बजे वह टाटा से यात्रियों को लेकर घर लौट रहे थे। बेलटांड़ मोड़ पर दो यात्रियों को उतारने के बाद उन्होंने निर्धारित किराया मांगा। आरोप है कि यात्रियों में से एक ने किराया देने से इनकार करते हुए उन्हें धमकी दी और फोन कर अपने साथियों को बुला लिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, कुछ देर बाद लावा (बेलटांड़) निवासी सूरज सिंह, महेश दास, मनोज दास, सोमनाथ मोदक, पटमदा बस्ती निवासी सोनू प्रमाणिक समेत दो अन्य लोग मौके पर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने मिलकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। लात-घूंसों से पिटाई के कारण उनकी नाक से खून निकलने लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
साधन ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उनके पास मौजूद रुपये और महत्वपूर्ण कागजात भी जबरन छीन लिए गए। किसी तरह वहां से जान बचाकर निकलने के बाद उन्होंने रांगाटांड़ के पास वाहन खड़ा किया और परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। परिजनों के पहुंचने तक उनकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए। इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए माचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया। इलाज कराने के बाद मंगलवार को साधन कुमार कैबर्त ने पटमदा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा छीने गए रुपये और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद कराने की मांग की है। मामले में शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने के पश्चात पुलिस जांच में जुट गई है।



