108 एंबुलेंस संचालक समेत तीन के खिलाफ एफआईआर के बाद जोड़सा में श्मशान से राख का नमूना किया एकत्र
Patamda : 108 एंबुलेंस सेवा में लापरवाही के कारण मरीज की मौत के मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पूर्वी सिंहभूम के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देश पर पटमदा सीएचसी प्रभारी डॉ. राजीव कुमार सिंह की शिकायत पर 108 एंबुलेंस संचालक सह क्लस्टर लीडर आलोक कुमार, एंबुलेंस चालक निलेश कुमार और तकनीशियन सुजीत कुमार के खिलाफ पटमदा थाना में रविवार को ही एफआईआर दर्ज की गई है।
सोमवार सुबह पटमदा थाना प्रभारी विष्णुचरण भोगता जांच के सिलसिले में जोड़सा गांव पहुंचे और मृतक संतोष कुंभकार के परिजनों से घटना की जानकारी ली। पूछताछ के दौरान परिजनों ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया था और गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया था। इसके बाद थाना प्रभारी श्मशान घाट पहुंचे और वहां से राख के नमूने एकत्र किए। उन्होंने बताया कि नमूनों को जांच के लिए रांची स्थित लैब भेजा जाएगा। रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने भी एंबुलेंस संचालन करने वाली एजेंसी को नोटिस जारी कर घटना पर दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। मामले की जांच पुलिस और स्वास्थ्य विभाग दोनों स्तरों पर जारी है।


