साढ़े तीन लाख मुआवजे पर बनी सहमति, 8 घंटे बाद खुला जाम

Patamda: पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत जलडहर पेट्रोल पंप के पास सोमवार को सुबह हुई सड़क दुघर्टना के विरोध में सड़क पर उतरे लोगों ने 8 घंटे तक सड़क जाम रखा। साढ़े तीन लाख रुपए नकद मुआवजे पर बनी सहमति के बाद 4 बजे शव को उठने दिया और वाहनों का परिचालन शुरू हुआ।
गंगासागर टुडू (फाइल फोटो)
ढाई बजे पटमदा थाना में हुई वार्ता में साढ़े तीन लाख रुपए नकद मुआवजे की सहमति के बावजूद जाम नहीं खुलना सभी के लिए सिरदर्द बन गया था। दरअसल त्रिपक्षीय वार्ता में पीड़ित परिवार की ओर से मुखिया कानूराम बेसरा, जिला पार्षद प्रदीप बेसरा, झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, जीतुलाल मुर्मू, ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष बृंदावन दास, समाजसेवी विश्वनाथ महतो एवं प्रशासन की ओर से बीडीओ शशि नीलिमा डुंगडुंग, डीएसपी वचनदेव कुजूर, पटमदा थाना प्रभारी करमपाल भगत, कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार एवं बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार एवं तीसरे पक्ष से गाड़ी मालिक टिंकू बेसरा मौजूद थे। जबकि मृतक के भाई हेमसागर टुडू घटनास्थल पर ही थे। हालांकि ग्रामीण 10 लाख रुपए की मांग बार- बार दोहरा रहे थे। बाद में पटमदा थाना में मृतक के भाई हेमसागर टुडू को तत्काल डेढ़ लाख रुपए नकद राशि का भुगतान करने एवं अगले 10 दिनों के अंदर श्राद्धकर्म के पूर्व शेष 2 लाख रुपए देने का निर्णय के बाद आंदोलनकारी मानें। जाम खुलने से प्रशासन व स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों के समर्थन में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के पूर्व प्रत्याशी विनोद स्वांसी भी पहुंचे।


