पटमदा में एसएफसी गोदाम की मरम्मत के नाम पर सरकारी राशि के दुरुपयोग का आरोप
Patamda: पटमदा प्रखंड मुख्यालय स्थित लावा पंचायत भवन से सटे एसएफसी गोदाम की मरम्मत के नाम पर लाखों की सरकारी राशि के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है। भवन निर्माण विभाग की ओर से स्वीकृत योजना के तहत पिछले कई दिनों से फर्श की ढलाई का काम किया जा रहा है लेकिन इसकी जानकारी न तो स्थानीय जनप्रतिनिधियों को है और न ही पदाधिकारियों को। यहां बिना किसी सूचना पट्ट लगाए ही ढलाई के ऊपर एक से डेढ़ ईंच की ढलाई की जा रही है।
पटमदा दक्षिणी के जिला पार्षद प्रदीप बेसरा, मुखिया कानूराम बेसरा व ग्राम प्रधान बृंदावन दास ने बताया कि योजना की प्राक्कलित राशि कितनी है, निर्माण एजेंसी कौन है, किस विभाग से काम हो रहा है और मजदूरी दर कितनी है, इन सभी बातों की जानकारी किसी के पास नहीं है जबकि मुंशी सोमनाथ मोदक से पूछने पर बताया कि काम 17 लाख का है। इसके अलावा ठेकेदार ने उसे किसी भी तरह की जानकारी देने से मना किया है क्योंकि जानकारी साझा करने से काम में बाधा उत्पन्न हो सकती है। उसने बताया कि इस काम के लिए विभाग से कोई बोर्ड लगाने का आदेश नहीं दिया गया है। इस मामले में विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू से पूछने पर बताया कि यह आश्चर्यजनक बात है कि बिना जानकारी दिए ही ठेकेदार काम करवा रहा है। उन्होंने बताया कि इस मामले की शिकायत की जाएगी।
समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने बताया कि इसकी शिकायत जिले के उपायुक्त से करते हुए जांच करवाने की मांग की जाएगी ताकि सही जानकारी लोगों को मिल सके और गड़बड़ी पर रोक लग सके। भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता लालजीत राम ने बताया कि यह मरम्मतीकरण की योजना है और उन्हें प्राक्कलन राशि की जानकारी नहीं है। इसमें बोर्ड लगाने की बाध्यता नहीं है। उन्होंने बताया कि इस मामले में विस्तृत जानकारी कल ही दे पाएंगे।






























