बंगाल चुनाव को लेकर अर्जुन मुंडा ने पटमदा में कार्यकर्ताओं संग की बैठक, सीमावर्ती इलाकों पर फोकस
Patamda: पश्चिम बंगाल के जंगलमहल क्षेत्र में 23 अप्रैल को प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने सोमवार को पटमदा पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अहम बैठक की। पार्टी कार्यालय में आयोजित इस बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर पश्चिम बंगाल दौरे पर निकले मुंडा ने कार्यकर्ताओं को चुनावी माहौल का आकलन करने और जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव आयोग की ओर से बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे मतदाता निर्भीक होकर मतदान कर सकेंगे। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि जनता इस बार अपने मनपसंद उम्मीदवार का चयन करेगी और चुनावी माहौल भी पहले से अधिक अनुकूल है।
बैठक में भाजपा के जमशेदपुर महानगर जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार महतो ने कहा कि सीमावर्ती गांवों में इस बार अलग ही माहौल देखने को मिल रहा है। खासकर बांदोवान विधानसभा क्षेत्र में लोग परिवर्तन के मूड में नजर आ रहे हैं। जिला पार्षद प्रदीप बेसरा ने कहा कि भाजपा उम्मीदवार को मिल रहे जनसमर्थन और उनकी सक्रियता से उनकी जीत तय दिख रही है, जबकि वर्तमान विधायक क्षेत्र में सक्रिय नजर नहीं आ रहे हैं। इस मौके पर मुचीराम बाउरी, शरत सिंह सरदार, संदीप कुमार मिश्रा, शांतनु मुखर्जी, मंडल अध्यक्ष मधुसूदन महतो, सनातन दास, कृष्णपद सिंह, कृपासिंधू महतो, सुरेश प्रसाद केडिया, प्रधान चंद्र महतो तथा सांसद प्रतिनिधि महावीर महतो सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।






























