पटमदा मुख्य सड़क पर बाइक दुर्घटनाग्रस्त, युवक गंभीर
Patamda : टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर शनिवार रात करीब पौने 10 बजे भुईयांसिनान पेट्रोल पंप के समीप पुलिया की रेलिंग से बाइक टकराने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान पटमदा के आगुईडांगरा निवासी कैलाश सिंह (18) के रूप में हुई है। बताया गया कि कैलाश मानगो के दाईगुट्टू में टेंट हाउस के पंडाल निर्माण कार्य में मजदूरी करने के बाद अकेले बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और पुलिया की रेलिंग से जा टकराई।
हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट लगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर बोड़ाम पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कैलाश को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद रात करीब 11 बजे परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों के अनुसार कैलाश टेंट हाउस में मजदूरी कर परिवार का सहयोग करता है।




