स्कूल के सामने कीचड़ और जलजमाव से परेशान नौनिहाल, जनप्रतिनिधियों के प्रति ग्रामीणों में आक्रोश
Patamda : बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत पोखरिया पंचायत के प्राथमिक विद्यालय चुनीडीह के सामने बारिश के कारण सड़क की स्थिति बेहद खराब हो गई है। पिछले कुछ समय से रास्ते पर अत्यधिक कीचड़ और जलजमाव होने के कारण विद्यालय आने-जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के बाद सड़क पर पानी जमा हो जाने से कीचड़ की स्थिति और गंभीर हो जाती है। बच्चों को इसी रास्ते से होकर विद्यालय जाना पड़ता है। कई बार फिसलने का खतरा बना रहता है, जिससे अभिभावक भी चिंतित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से बनी इस समस्या की ओर अब तक किसी भी जनप्रतिनिधि या संबंधित विभाग का ध्यान नहीं गया है। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय के सामने जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है। इससे आवागमन बाधित होने के साथ-साथ बच्चों के कपड़े और जूते भी खराब हो जाते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द सड़क से कीचड़ हटाने, जलनिकासी की व्यवस्था करने तथा रास्ते को दुरुस्त कराने की मांग की है। समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए इस ओर तत्काल पहल की जानी चाहिए।



