बासंती माता की अष्टमी पूजा में मंदिरों में भीड़, श्रद्धालुओं ने अर्पित की पुष्पांजलि
Patamda: चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर अष्टमी तिथि को क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। बोड़ाम स्थित बासंती मंदिर, बेलटांड़ दुर्गा मंदिर एवं बांगुड़दा सार्वजनिक दुर्गा मंदिर में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने देवी मां महागौरी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर व्रती महिलाओं सहित सभी श्रद्धालुओं ने माता बासंती के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। मंदिर परिसरों में भक्ति गीतों और मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान बोड़ाम और बेलटांड़ में जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी एवं पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह सहित कई गणमान्य अतिथियों ने भी माता के दरबार में हाजिरी लगाई, आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रसाद ग्रहण किया।
पूजा के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पूरे क्षेत्र में अष्टमी पूजा को लेकर उत्साह और आस्था का माहौल बना रहा। मौके पर विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू, झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, सांसद प्रतिनिधि महावीर महतो, भाजपा नेता मुचीराम बाउरी, प्रदीप कुमार, ईशान चंद्र गोप, विजय कुमार मंडल, विश्वजीत महतो, थाना प्रभारी विष्णुचरण भोगता व सहायक अध्यापक संघ के जिला अध्यक्ष सुमित कुमार तिवारी आदि मौजूद थे।


