डीलर रामपद महतो के खिलाफ उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन, दूसरे डीलर के यहां टैग करने की मांग
Patamda : बोड़ाम प्रखंड की बेलडीह पंचायत के जोबा, गागीबुरु, जारकी, गोबरलाद और हरियाकोचा गांव के लोगों ने शुक्रवार को डीसी ऑफिस पहुंचकर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से पूरा राशन नहीं मिलने की शिकायत की। ग्रामीणों ने गागीबुरु निवासी राशन डीलर रामपद महतो पर अनियमितता का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि डीलर प्रति कार्ड 3-3 किलो अनाज काट लेता है, नशे में दुर्व्यवहार करता है। तीन महीने का गेंहू और एक महीने का चावल भी नहीं दिया गया। ग्रामीणों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि उनके राशन कार्ड को दूसरे डीलर के पास हस्तांतरित किया जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में मेथर कर्मकार, पवन महतो, ईशान टुडू, साधु सोरेन और कार्तिक सिंह शामिल थे। शिकायत करने बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रहीं। ग्रामीण पहले जिला आपूर्ति पदाधिकारी कार्यालय गए थे, लेकिन वह नहीं मिलने पर उपायुक्त के पास पहुंचे।


