देवघर पंचायत के डांगा गौड़ बस्ती में पंचम रात्रि राधानाम संकीर्तन, कुणाल षड़ंगी व आस्तिक महतो ने लिया आशीर्वाद

Jamshedpur : एनएच 33 के किनारे मानगो अंचल अंतर्गत देवघर पंचायत के डांगा गौड़ बस्ती स्थित सार्वजनिक राधाकृष्ण मंदिर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पंचम रात्रि (40 प्रहर) अखंड राधानाम संकीर्तन का भव्य आयोजन किया गया है। रविवार सुबह से चल रहे कार्यक्रम के समापन शुक्रवार को सुबह होगा। यहां श्री श्री सार्वजनिक राधाकृष्ण अखंड संकीर्तन समिति की ओर से लगातार सभी श्रद्धालुओं के बीच भोग का वितरण किया जा रहा है। बुधवार को भी कार्यक्रम पूरे उत्साह, भक्ति और श्रद्धा के साथ जारी रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भक्ति रस में सराबोर हुए। शुक्रवार को सुबह कार्यक्रम का समापन धुलट के साथ होगा।
कार्यक्रम के दौरान बुधवार को बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षड़ंगी, जमशेदपुर के समाजसेवी व झारखंड आंदोलनकारी आस्तिक महतो एवं पूर्व जिला पार्षद पिंटू दत्ता समेत कई गणमान्य व्यक्ति मंदिर पहुंचे। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इस धार्मिक आयोजन के सफल संचालन में उप मुखिया सिमंत गौड़, वैद्यनाथ प्रधान, प्रदीप प्रधान, सानंद प्रधान, अभय गौड़, मनोज गौड़, अर्जुन गौड़, संजय गौड़, अनंतो प्रधान एवं सुशांत प्रधान
सहित अन्य स्थानीय श्रद्धालु सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। संकीर्तन को भव्य बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से आए कलाकारों द्वारा मनमोहक प्रस्तुति दी जा रही है। इनमें उत्तम दास (चौकान बारी), परमेश्वर पाल (बामुनबांध, बांकुड़ा), कालीपद महतो (डूंगरीडीह, ईचागढ़), अजीत दास गोस्वामी (बड़रोला, पुरुलिया), अरुण कुमार महतो (दारूदा, तिरुलडीह), रवि गोप (काश्मार, पूर्वी सिंहभूम), राम लखन कालिंदी (रुदड़ा, बांकुड़ा), दुलाल पात्रो (केशिया, बांकुड़ा), सुकुमार महंत (दारुगाड़िया, बांकुड़ा) एवं सुशील डांगर (पापड़ा, बांकुड़ा) शामिल हैं, जो अपनी प्रस्तुति से वातावरण को भक्तिमय बना रहे हैं। पूरे क्षेत्र में संकीर्तन की गूंज से आध्यात्मिक माहौल बना हुआ है और श्रद्धालु बढ़-चढ़कर इस पुण्य आयोजन में सहभागिता निभा रहे हैं।






























