राखी पर निभाया भाई का फर्ज, हल्दीपोखर की समाजसेवी सबीना खातून के घर पहुंची टीम पीएसएफ
मानवता और भाई-बहन के अटूट रिश्ते का दिया संदेश, बीमार समाजसेवियों से भी की मुलाकात
Jamshedpur : रक्षाबंधन के पावन अवसर पर भाई-बहन के रिश्ते को मानवीय संवेदना से जोड़ते हुए टीम पीएसएफ के सदस्यों ने हल्दीपोखर की समाजसेवी सबीना खातून के घर पहुंचकर राखी बंधवाई। सबीना खातून ने टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार सहित पूरी टीम को रक्षाबंधन के लिए आमंत्रित किया था। सबीना खातून स्वयं जमशेदपुर आकर टीम के सदस्यों को राखी बांधने की इच्छुक थीं, लेकिन टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार ने कहा कि जब एक बहन भाई के पास आने को तैयार है, तो भाई का भी फर्ज है कि वह अपनी बहन के घर पहुंचकर राखी बंधवाए। इसी भावना के साथ पूरी टीम हल्दीपोखर पहुंची।
इस दौरान टीम के सदस्यों ने बारी-बारी से सबीना खातून से राखी बंधवाई और उनका आशीर्वाद लिया। सदस्यों की ओर से उन्हें प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया। टीम के सदस्यों ने कहा कि सबीना खातून जरूरतमंदों की सेवा के लिए लगातार धरातल पर कार्य कर रही हैं। ऐसे समाजसेवी के हाथों राखी बंधवाना उनके लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है।
रक्षाबंधन के अवसर पर टीम पीएसएफ ने केवल राखी के रिश्ते तक ही अपनी सामाजिक जिम्मेदारी को सीमित नहीं रखा। कुछ दिन पूर्व हल्दीपोखर के समाजसेवी राजू परवेज के अस्वस्थ होने की जानकारी मिलने पर टीम उनके स्वास्थ्य का हाल जानने पहुंची थी। इसके बाद टीम ने पोटका के वरिष्ठ पत्रकार साथी शंकर गुप्ता के घर जाकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। शंकर गुप्ता भी पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे हैं। टीम पीएसएफ के सदस्यों ने कहा कि उनका उद्देश्य समाज में आपसी सहयोग, संवेदना और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। जब तक शरीर में सामर्थ्य है, टीम हर सुख-दुख की घड़ी में अपने मानवीय और सामाजिक दायित्व का निर्वहन करती रहेगी। इस अवसर पर टीम पीएसएफ के वरिष्ठ सदस्य सेवानिवृत्त शिक्षक निखिल मंडल, निदेशक अरिजीत सरकार, कुमारेश हाजरा और रवि शंकर उपस्थित रहे।








