गांधीजी के सत्य-अहिंसा और शास्त्री के जय जवान-जय किसान के विचार आज भी प्रासंगिक: सरोज महापात्रा
झामुमो की मानगो नगर समिति ने गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती पर किया नमन
Jamshedpur : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पूर्वी सिंहभूम जिला समिति अध्यक्ष विक्टर सोरेन के निर्देशानुसार जिले की सभी प्रखंड एवं नगर समितियों की ओर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती सादगीपूर्ण तरीके से मनाई गई। इसी क्रम में मानगो नगर समिति की ओर से अध्यक्ष फतेह चंद्र टुडू की अध्यक्षता में गांधी मैदान, मानगो में समारोह आयोजित कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर झामुमो के वरिष्ठ नेता सरोज महापात्रा, खुद्दू उरांव, उमानाथ झा, लालटू महतो, शेख नासिर खान एवं प्रीतम हेंब्रम मुख्य रूप से उपस्थित थे।
समारोह को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नेता सरोज महापात्रा ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत आज के दौर में पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हैं। विश्व के कई देश युद्ध की विभीषिका झेल रहे हैं। ऐसे समय में शांति, सत्य और अहिंसा का गांधीवादी संदेश पूरी दुनिया के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देश की आत्मनिर्भरता, सुरक्षा और किसानों एवं जवानों के सम्मान का प्रतीक है। वरिष्ठ नेता उमानाथ झा ने कहा कि देश की सामाजिक एकता और गंगा-जमुनी संस्कृति को बनाए रखना समय की मांग है। उन्होंने केंद्र सरकार से जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने के बजाय देश के मूलभूत मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांधीजी के सत्य, अहिंसा एवं सद्भावना तथा शास्त्रीजी के किसानों और जवानों के प्रति सम्मान के विचार ही देश के विकास का आधार हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में गोपाल महतो, गुरमीत सिंह गिल, रमेश मुर्मू, विश्वनाथ महतो, रंजीत धल, प्रभात सिंह, बापी दत्ता, कृष्ण कुमार गुप्ता एवं किशनू सुंडी समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।




