खेजुरडीह पुलिया मामले में डीसी से पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि तो सीओ से जेएलकेएम नेताओं ने की शिकायत
Patamda : पटमदा प्रखंड के खेजुरडीह पुलिया के अधूरे निर्माण को लेकर ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है। पुलिया का काम अधूरा रहने और बारिश में नाला का डायवर्सन बह जाने से आवागमन प्रभावित है। मामले को लेकर जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों ने अधिकारियों से हस्तक्षेप कर जल्द निर्माण पूरा कराने की मांग की है। गुरुवार को पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि मनसाराम पावरी ने सीओ सह बीडीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास से मुलाकात कर ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत कराया। इस पर सीओ ने विभागीय कार्यपालक अभियंता से बात कर पुलिया की पहुंच पथ का निर्माण जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। पावरी ने उपायुक्त राजीव रंजन से दूरभाष पर बात कर बारिश में डायवर्सन बह जाने से उत्पन्न स्थिति की जानकारी दी। उपायुक्त ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इससे एक दिन पहले जेएलकेएम के जिला वरीय उपाध्यक्ष सुब्रत महतो के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सीओ सह बीडीओ से मुलाकात की थी। सीओ ने योजना के ठेकेदार से फोन पर बात कर निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया था। वहीं, स्थानीय जिला पार्षद खगेन चंद्र महतो भी इस मामले को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों से पत्राचार कर चुके हैं।



