रामनवमी पर गूंजा ‘जय श्रीराम’, विधायक संजीव सरदार ने लाठीखेल से दिया एकता और सद्भाव का संदेश
Jamshedpur : रामनवमी के पावन अवसर पर पोटका विधानसभा क्षेत्र में आस्था, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना और भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। विधायक संजीव सरदार ने डुमरिया प्रखंड के भालूकपातड़ा, डुमरिया बस स्टैंड के समीप तथा पोटका प्रखंड के पिछली भक्त टोला और बागबेड़ा में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने भगवान श्रीराम की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
भालूकपातड़ा में पूजा में शामिल होने के बाद वे डुमरिया बस स्टैंड स्थित नवमी पूजा कार्यक्रम में पहुंचे, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। इसके पश्चात उन्होंने पिछली भक्त टोला स्थित श्री श्री बजरंग अखाड़ा में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेकर लोगों का उत्साहवर्धन किया। वहीं बागबेड़ा के श्री पंच जूना अखाड़ा में भी उपस्थित होकर उन्होंने श्रद्धालुओं को रामनवमी की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान विधायक संजीव सरदार ने पारंपरिक लाठीखेल का प्रदर्शन कर लोगों को एकता, अनुशासन और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया, जिसे देखकर उपस्थित लोग उत्साहित हो उठे।
मौके पर विधायक ने कहा कि रामनवमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई, अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, आदर्श और कर्तव्यनिष्ठा का प्रेरणास्रोत है। यह पर्व समाज में भाईचारे, एकता और सद्भाव को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है। कार्यक्रमों में मंदिर समितियों के सदस्य, झामुमो प्रखंड कमेटी के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


